Home Chandigarh पंजाब में बारिश का बड़ा अलर्ट! 30 जुलाई तक झमाझम बारिश, ऑरेंज...

पंजाब में बारिश का बड़ा अलर्ट! 30 जुलाई तक झमाझम बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Weather Alert: Orange Alert for Heavy Rain, Monsoon Deficit Shrinks “) पंजाब में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। 25 जुलाई के साथ-साथ 28 से 30 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 28 और 29 जुलाई को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, वहीं 25, 27 और 30 जुलाई को भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले तीन दिनों में हुई अच्छी बारिश का असर अब मानसून के आंकड़ों में भी दिखने लगा है। पहले जहां पंजाब में मानसून की कमी 38 प्रतिशत थी, वहीं अब यह घटकर 23 प्रतिशत रह गई है। 1 जुलाई से 24 जुलाई तक राज्य में औसतन 97.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 125.8 मिमी है।

बीते 24 घंटों में गुरदासपुर सबसे अधिक 24.6 मिमी बारिश के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद मुक्तसर में 15.6 मिमी और अमृतसर में 14.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मोहाली, संगरूर और मानसा ऐसे जिले रहे जहां बारिश नहीं हुई। बठिंडा में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से जम्मू तक एक ट्रफ सक्रिय है और मध्य पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावी है। इन मौसम प्रणालियों के कारण पंजाब के अलावा हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 30 जुलाई तक गरज-चमक, तेज हवाओं (50 किमी/घंटा तक) और भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। लोगों को नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और बिजली गिरने की घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Translate »
error: Content is protected !!