Home Chandigarh जनगणना ड्यूटी से गैरहाजिर 82 शिक्षकों को नोटिस, कार्रवाई की चेतावनी

जनगणना ड्यूटी से गैरहाजिर 82 शिक्षकों को नोटिस, कार्रवाई की चेतावनी

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(82 Jalandhar Teachers Face Action for Skipping Census Duty, Show-Cause Notices Issued) पंजाब के जालंधर में जनगणना 2027 से जुड़ी ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में 82 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। चार्ज अधिकारी-कम-तहसीलदार जालंधर-2 की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित कर्मचारियों ने जनगणना कार्य को गंभीरता से नहीं लिया और बिना किसी पूर्व अनुमति के अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित रहे।

प्रशासन के अनुसार इन कर्मचारियों की गैरहाजिरी के कारण जनगणना 2027 से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुआ है। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मचारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके थे कि वे अपने स्कूलों में उपस्थित न हों और बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के उनका वेतन भी जारी न किया जाए। इसके बावजूद कई कर्मचारी अब तक कार्यालय में रिपोर्ट करने नहीं पहुंचे।

नोटिस में 26 मई 2026 को जारी कार्यालय पत्र संख्या 153 का भी हवाला दिया गया है, जिसमें कर्मचारियों को 30 मई 2026 सुबह 9 बजे कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी अनुपस्थिति का स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन का कहना है कि बार-बार निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों ने आदेशों का पालन नहीं किया।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित कर्मचारी निर्धारित समय में उपस्थित होकर अपना जवाब नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11(1)(a) के तहत कार्रवाई शुरू की जा सकती है। इस प्रावधान के अनुसार जनगणना कार्य में सहयोग करने के लिए कानूनी रूप से बाध्य व्यक्ति द्वारा ड्यूटी से इनकार करना या कार्य न करना दंडनीय अपराध माना जाता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों पर जुर्माना, कारावास या दोनों प्रकार की कार्रवाई हो सकती है। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से तुरंत कार्यालय में रिपोर्ट करने और अपना पक्ष रखने की अपील की है ताकि जनगणना 2027 का महत्वपूर्ण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

Translate »
error: Content is protected !!