Home Chandigarh स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा! बदलते मौसम के साथ H1N1 के मामले...

स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा! बदलते मौसम के साथ H1N1 के मामले बढ़े 

द टारगेट वेब डेस्क

(“Swine Flu Alert: H1N1 Cases Rising as Weather Change “) मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अस्पतालों में तेज बुखार, खांसी, जुकाम, गले में दर्द और सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायतों के साथ बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण कोरोना संक्रमण से काफी मिलते-जुलते हैं, जिसके कारण कई लोग इसे सामान्य वायरल बुखार समझकर इलाज में देरी कर देते हैं। यही लापरवाही संक्रमण को गंभीर बना सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार इस समय अस्पतालों में आने वाले लगभग 50 प्रतिशत मरीज वायरल संक्रमण या स्वाइन फ्लू जैसे लक्षणों से प्रभावित हैं। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हृदय, किडनी या फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों में यह संक्रमण अधिक खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे लोगों को लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

डॉक्टरों का कहना है कि यदि तीन से चार दिन तक तेज बुखार बना रहे, लगातार खांसी बढ़ती जाए या सांस लेने में परेशानी होने लगे तो बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना चाहिए। स्वयं दवा लेने की बजाय डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच और इलाज कराना अधिक सुरक्षित है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खांसी या छींक आने पर रुमाल या टिश्यू का इस्तेमाल करें, बार-बार साबुन से हाथ धोएं, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जरूरत पड़ने पर मास्क पहनें, पर्याप्त पानी पिएं और संतुलित भोजन करें। यदि बुखार या खांसी हो तो दूसरों से दूरी बनाए रखें ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके। बदलते मौसम में थोड़ी सी सावधानी ही स्वाइन फ्लू जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय साबित हो सकती है।

Translate »
error: Content is protected !!