द टारगेट वेब डेस्क
(“NHAI Local Toll Pass Online: Now Make Your Local Pass from Home “) अगर आप किसी टोल प्लाज़ा के आसपास रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अब लोकल टोल पास बनवाने के लिए टोल प्लाज़ा के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल लोकल पास की सुविधा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाज़ा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासी घर बैठे अपने मोबाइल से लोकल पास बनवा सकेंगे और एक महीने तक संबंधित टोल प्लाज़ा पर अनलिमिटेड यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
पहले लोकल पास बनवाने के लिए लोगों को पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज़ लेकर टोल प्लाज़ा जाना पड़ता था, जिससे समय और मेहनत दोनों लगते थे। लेकिन अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। NHAI ने इस सिस्टम को DigiLocker और VAHAN प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया है, जिससे वाहन नंबर, पता और FASTag जैसी जानकारी स्वतः सत्यापित हो जाती है। इसके चलते दस्तावेज़ अपलोड करने और लंबी वेरिफिकेशन प्रक्रिया की आवश्यकता काफी हद तक खत्म हो गई है।
इस नई सुविधा में GIS (Geographical Information System) तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आवेदक वास्तव में टोल प्लाज़ा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहता है या नहीं। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज़ और सटीक बन जाएगी।
फिलहाल यह सुविधा दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाज़ा (UER-2) पर शुरू की गई है और आने वाले महीनों में इसे देशभर के अन्य टोल प्लाज़ा तक विस्तारित किया जाएगा। इसके साथ ही NHAI ने ‘मार्ग मित्र’ हेल्प सेंटर भी लॉन्च किया है, जहां FASTag, KYC, रिफंड, लोकल पास, वार्षिक पास और टोल से जुड़ी शिकायतें व सुझाव ऑनलाइन दर्ज कराए जा सकते हैं। यह पहल लाखों स्थानीय यात्रियों के लिए समय, सुविधा और पारदर्शिता का नया विकल्प साबित हो सकती है।



















