द टारगेट वेब डेस्क
(‘Karishma Tanna Becomes Mother “) टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद खुश करने वाली खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेत्री करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण बंगेरा के घर नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है। 42 साल की उम्र में करिश्मा तन्ना ने बेटे को जन्म दिया है। इस खास पल को उन्होंने अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
सबसे खास बात यह है कि करिश्मा के बेटे का जन्म गुरु पूर्णिमा जैसे शुभ दिन पर हुआ है, जिससे यह खुशी उनके परिवार के लिए और भी यादगार बन गई। सोशल मीडिया पोस्ट में करिश्मा और वरुण ने अपने बेटे के नन्हे पैरों की प्यारी सी झलक शेयर की, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया।

करिश्मा तन्ना और बिजनेसमैन वरुण बंगेरा ने साल 2022 में शादी की थी। शादी के चार साल बाद दोनों पहली बार माता-पिता बने हैं। अभिनेत्री ने 6 अप्रैल 2026 को अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने कई खूबसूरत मैटरनिटी फोटोशूट और वीडियोज़ भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए, जिन्हें फैंस का भरपूर प्यार मिला।
कुछ समय पहले करिश्मा का साउथ इंडियन ट्रेडिशन के अनुसार बेबी शॉवर भी आयोजित किया गया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं। इस समारोह में उनका पारंपरिक लुक लोगों को बेहद पसंद आया।
जैसे ही करिश्मा ने बेटे के जन्म की खुशखबरी साझा की, उन्हें इंडस्ट्री से ढेरों शुभकामनाएं मिलने लगीं। स्मृति ईरानी, सोनाक्षी सिन्हा सहित कई सितारों ने उन्हें बधाई दी और नवजात शिशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फिलहाल करिश्मा तन्ना के फैंस इस खुशखबरी का जश्न मना रहे हैं और मां-बेटे की पहली झलक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



















