कुत्ता घुमाने गया था परिवार, खुला दरवाजा देख घर में घुसे
जालंधर। राजवीर दीक्षित
(Two thieves who came to steal the cylinder were caught) जालंधर के ढेओल नगर में गैस सिलेंडर चोरी करने पहुंचे दो आरोपियों को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों आरोपी इससे पहले भी इसी मकान से एक सिलेंडर चोरी कर चुके थे। दूसरी बार चोरी करने पहुंचे तो मकान मालिक के लौटने पर उनकी पोल खुल गई।
परिवार के बाहर जाते ही खुला दरवाजा बना मौका
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य अपने कुत्ते को घुमाने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान घर का मुख्य दरवाजा गलती से थोड़ा खुला रह गया।
आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर दोनों युवक घर में दाखिल हो गए और रसोई में रखा गैस सिलेंडर उठाकर घर के बाहर छिपा दिया।
दूसरी बार सिलेंडर उठाते हुए पकड़े गए
पहली चोरी के बाद दोनों आरोपी दोबारा उसी मकान में पहुंचे। इस बार वे दूसरा गैस सिलेंडर चोरी कर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान परिवार वापस घर पहुंच गया। मकान मालिक को घर के अंदर और आंगन के आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। सिलेंडर लेकर जाते दोनों युवकों को देखकर उन्होंने शोर मचा दिया।
लोगों ने घेरकर पकड़ा, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद
शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर आए थे। तलाशी के दौरान स्कूटी के दस्तावेज और कुछ अन्य सामान भी संदिग्ध मिला। इससे स्थानीय लोगों ने स्कूटी के चोरी की होने की आशंका जताई है। इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
नशे की लत के लिए चोरी का आरोप
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातें करते थे।
इलाके के लोगों का कहना है कि ढेओल नगर और आसपास के क्षेत्र में चोरी व मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी हुई हैं।
लोगों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पिछली चोरी की वारदातों और स्कूटी से जुड़े मामले की भी जांच कर रही है।



















