ऊना। राजवीर दीक्षित
(Universal Voice of People has entrusted the responsibility of State President to Nardev Chand.) यूनिवर्सल वॉइस ऑफ पीपल संस्था (NGO) की ओर से ऊना में एक कार्यक्रम आयोजित कर नरदेव चंद को हिमाचल प्रदेश का प्रधान नियुक्त किया गया। इस मौके पर संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष निशा ठाकुर, पंजाब प्रधान जतिंदर घुगी, एडवोकेट दमन बटोआ और हाईकोर्ट के एडवोकेट पवन कुमार पाराशर विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पहुंचने पर नरदेव चंद और उनकी टीम ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। वहीं, संस्था की ओर से सभी अतिथियों को सरोपे और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
जरूरतमंदों की मदद करना संस्था का उद्देश्य
संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष निशा ठाकुर ने बताया कि यूनिवर्सल वॉइस ऑफ पीपल वर्ष 2011 से सरकार के पास पंजीकृत है और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़े हुए हैं। संस्था की ओर से जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक कार्य किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित करने, जरूरतमंद लोगों के लिए दवाइयों की व्यवस्था करने, जरूरतमंद परिवारों को राशन उपलब्ध कराने और गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग जैसे कार्य किए जाते हैं।
इसके अलावा लोगों को पुलिस, प्रशासन या अन्य स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए भी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।
बिना डोनेशन के सेवा कार्य करने का दावा
निशा ठाकुर ने कहा कि संस्था की ओर से किसी व्यक्ति से डोनेशन नहीं ली जाती। सामाजिक कार्यों में होने वाला खर्च संस्था के सदस्यों द्वारा ही वहन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि समाज में जरूरतमंद लोगों की मदद करना और मानवता के नाते उनके साथ खड़ा होना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। इसी सोच के साथ अब हिमाचल प्रदेश में भी लोगों को संस्था से जोड़ने की पहल की जा रही है।
हिमाचल में बढ़ाया जाएगा सेवा कार्यों का दायरा
नरदेव चंद को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद संस्था के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। नरदेव चंद ने कहा कि हिमाचल में जल्द ही अधिक से अधिक लोगों को संस्था के साथ जोड़ा जाएगा और जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने के लिए अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास रहेगा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को सुना जाए और अपनी क्षमता के अनुसार उनकी मदद की जाए। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का आभार जताया और उन्हें सरोपे पहनाकर सम्मानित किया।
संस्था ने लोगों से सामाजिक सेवा के इस अभियान से जुड़ने की अपील की।



















