Home Chandigarh पंजाब सरकार का पैकेज ठुकराया, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी; ₹20,520 वेतन...

पंजाब सरकार का पैकेज ठुकराया, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी; ₹20,520 वेतन भी नहीं आया रास

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Safai Workers Reject Government Package, Strike Continues Despite Salary Hike “) पंजाब में सफाई सेवकों और सीवरमैन की हड़ताल फिलहाल खत्म होती नहीं दिख रही है। राज्य सरकार द्वारा बड़ी राहत के तौर पर घोषित किए गए वेलफेयर पैकेज को सफाई कर्मचारी यूनियन ने सिरे से खारिज कर दिया है। सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों को डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट पर लाने, पांच साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने और 1 अगस्त से संविदा कर्मचारियों का मासिक वेतन बढ़ाकर ₹20,520 करने की घोषणा की थी। लेकिन यूनियन का कहना है कि विभिन्न कटौतियों के बाद कर्मचारियों के हाथ में केवल करीब ₹16,000 ही आएंगे, जो महंगाई के दौर में बेहद कम है।

सफाई कर्मचारी यूनियन के महासचिव गई चंद ने स्पष्ट कहा कि उनकी मांग न्यूनतम ₹40,000 मासिक वेतन की है और जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं यूनियन के राज्य सलाहकार कुलदीप सिंह ने सरकार द्वारा नियमितीकरण के लिए तय की गई 45 वर्ष की आयु सीमा पर भी कड़ा विरोध जताया। उनका कहना है कि करीब 30 हजार कर्मचारियों में से लगभग 15 प्रतिशत कर्मचारी 45 वर्ष से अधिक आयु के हैं और उन्हें इस नियम के कारण नियमित होने से वंचित नहीं किया जा सकता।

दूसरी ओर, स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार सफाई कर्मचारियों के हित में ऐतिहासिक फैसले ले रही है। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष की सेवा पूरी कर चुके आउटसोर्स कर्मचारियों को डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट पर लाया जाएगा और 2021 में भर्ती कर्मचारियों सहित पांच वर्ष की सेवा पूरी करने वालों को नियमित किया जाएगा।

हालांकि यूनियन के सख्त रुख के बाद साफ है कि सरकार और कर्मचारियों के बीच अभी सहमति नहीं बन पाई है। ऐसे में पंजाब के कई शहरों में सफाई व्यवस्था पर इसका असर जारी रहने की संभावना है।

Translate »
error: Content is protected !!