Home Breaking News सुखना लेक 3 दिन के लिए बंद, जाने सारे इंतज़ाम

सुखना लेक 3 दिन के लिए बंद, जाने सारे इंतज़ाम

चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित

(Sukhna Lake Closed, Strict Arrangements for Air Show) चंडीगढ़ की मशहूर सुखना लेक को आम लोगों के लिए अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने यह फैसला 27 और 28 मार्च को होने वाले एयर शो को ध्यान में रखते हुए लिया है। 26 मार्च से ही लेक पर एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है और अब यह 28 मार्च को दोपहर 1:30 बजे के बाद ही आम जनता के लिए दोबारा खोली जाएगी।

इस दौरान 27 मार्च को फुल ड्रेस रिहर्सल और 28 मार्च को मुख्य एयर शो आयोजित होगा। प्रशासन के मुताबिक, हर दिन लगभग 10,000 लोग इस शानदार आयोजन को देख सकेंगे। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

एयर शो देखने के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य कर दी गई है। चंडीगढ़ टूरिज्म ऐप के जरिए 100 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट निर्धारित की गई है। एंट्री के समय QR कोड वाला पास और फोटो आईडी दिखाना जरूरी होगा। बिना टिकट किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लेक के आसपास निजी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। प्रशासन ने शहर में 7 पिकअप प्वाइंट बनाए हैं, जहां से करीब 300 शटल बसों के जरिए लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा। इन बसों में सिर्फ टिकट धारकों को ही बैठने की अनुमति होगी।

एयर शो का मुख्य आकर्षण भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम होगी, जो अपने 9 Hawk जेट विमानों के साथ आसमान में रोमांचक करतब दिखाएगी। करीब 30 से 45 मिनट के इस शो में लूप्स, बैरल रोल्स और फॉर्मेशन फ्लाइंग जैसे शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेंगे। सुरक्षा के लिए 1300 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

Translate »
error: Content is protected !!