चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित
(“No More Discounts on Food Items, Rising Inflation Hits Hard “) अंतरराष्ट्रीय तनाव और जंग जैसे हालात का असर अब सीधे आम लोगों की थाली तक पहुंच चुका है। शहरों में खाने-पीने से जुड़े रिटेलर्स ने बड़ा फैसला लेते हुए फूड आइटम्स पर मिलने वाले डिस्काउंट को बंद कर दिया है। रेस्टोरेंट, होटल और फूड इंडस्ट्री से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि बढ़ती लागत और अनिश्चित हालात के चलते अब पहले की तरह ऑफर देना संभव नहीं रह गया है।
व्यापारियों के मुताबिक कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वहीं गैस सिलेंडर और अन्य जरूरी संसाधनों की कमी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई जगहों पर तो व्यावसायिक सिलेंडर ब्लैक में खरीदने पड़ रहे हैं, जिससे उत्पादन लागत में भारी इजाफा हुआ है। इसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है।
पहले जहां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए 10 से 15 प्रतिशत तक की छूट दी जाती थी, अब वह पूरी तरह खत्म हो चुकी है। इसके चलते आम लोगों का बजट बिगड़ रहा है और बाहर खाना या फूड आइटम्स खरीदना महंगा होता जा रहा है। कई ग्राहकों ने चिंता जताई है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
सप्लाई चेन में आ रही रुकावटों के कारण दाल, तेल और पैकेज्ड फूड जैसी जरूरी चीजों की उपलब्धता भी प्रभावित हुई है। इससे स्टॉक बनाए रखना मुश्किल हो गया है और व्यापारियों को महंगे दाम पर सामान खरीदना पड़ रहा है।
माहिरों का मानना है कि यदि वैश्विक हालात जल्द नहीं सुधरे, तो महंगाई और बढ़ सकती है। इसका असर न केवल आम जनता की खरीद क्षमता पर पड़ेगा, बल्कि छोटे कारोबारियों के लिए भी यह संकट खड़ा कर सकता है। फिलहाल बाजार में अनिश्चितता का माहौल है और सभी की नजर आने वाले दिनों पर टिकी हुई है।



















