Home Chandigarh आज पंजाब में ब्लैकआउट की तैयारी ! बजेंगे खतरे के सायरन

आज पंजाब में ब्लैकआउट की तैयारी ! बजेंगे खतरे के सायरन

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Blackout across Punjab today! Danger sirens will sound again”) पंजाब भर में आज रात एक विशेष ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यह अभ्यास राज्य में सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, 24 अप्रैल की शाम ठीक 8 बजे पूरे पंजाब के विभिन्न जिलों में यह मॉक एक्सरसाइज एक साथ शुरू होगी।

ड्रिल की शुरुआत एयर रेड चेतावनी सायरन से होगी, जिसमें लगभग दो मिनट तक हाई और लो पिच की आवाजें सुनाई देंगी। इसके बाद चिन्हित इलाकों में पूरी तरह से ब्लैकआउट लागू किया जाएगा। इस दौरान आम नागरिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखें और प्रशासन का सहयोग करें। हालांकि, जरूरी सेवाएं जैसे अस्पताल, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सुविधाएं पूरी तरह चालू रहेंगी।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपात स्थिति या संभावित हवाई हमले के दौरान लोगों की सुरक्षा और बचाव कार्यों को प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जा सके। ड्रिल के दौरान अग्निशमन सेवाएं, राहत एवं बचाव दल, प्राथमिक चिकित्सा और ट्रैफिक नियंत्रण जैसी गतिविधियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

बिजली विभाग द्वारा निर्धारित क्षेत्रों में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद की जाएगी, जिससे कुछ समय के लिए अंधेरा छा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अभ्यास है, इसलिए लोगों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांत रहें, सतर्क रहें और इस महत्वपूर्ण सुरक्षा अभ्यास में प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

Translate »
error: Content is protected !!