Home Breaking News चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में सुरक्षा को लेकर बवाल, छात्र पर हमले के बाद...

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में सुरक्षा को लेकर बवाल, छात्र पर हमले के बाद विरोध प्रदर्शन

मोहाली।राजवीर दीक्षित

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के घड़ुआं कैंपस में मंगलवार देर रात हॉस्टल के भीतर चाकू से हमले की घटना में एक छात्र घायल हो गया। घटना के बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने मामले में आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, हॉस्टल में रहने वाले दो रूममेट्स के बीच पंखा चलाने को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट और हमले की घटना हुई, जिसमें एक छात्र घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए खरड़ के सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, उसकी हालत स्थिर है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए। उन्होंने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि घटना को लेकर गलत जानकारी न फैले।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Translate »
error: Content is protected !!