Home Chandigarh सड़कों की री-कारपेटिंग में देरी पर गरमाई चर्चा, MC हाउस में पार्षदों...

सड़कों की री-कारपेटिंग में देरी पर गरमाई चर्चा, MC हाउस में पार्षदों ने मांगा जवाब

चंडीगढ़।राजवीर दीक्षित

नगर निगम की बुधवार को हुई जनरल हाउस बैठक में सड़कों की खस्ताहालत और री-कारपेटिंग में देरी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में सड़क निर्माण कार्य शुरू न होने या अधूरे पड़े होने का मुद्दा उठाया। पार्षदों ने जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।

बैठक शुरू होते ही कांग्रेस पार्षद तरुणा मेहता ने अधूरी सड़कों के पोस्टर दिखाकर अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके वार्ड में री-कारपेटिंग का काम क्यों रोक दिया गया है।

कांग्रेस पार्षद मुनव्वर ने भी अपने वार्ड में काम शुरू न होने की बात कही। वहीं, AAP पार्षद अंजू कात्याल ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में भी री-कारपेटिंग शुरू नहीं हुई। पार्षद दिलीप शर्मा ने कहा कि उनके क्षेत्र में सड़क का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है।

अधिकारियों ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि लंबित सड़क कार्य तीन दिन के भीतर शुरू करवा दिए जाएंगे। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बृहस्पतिवार तक लंबित सड़क कार्यों का पूरा ब्योरा प्रस्तुत करें।

कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत गाबी ने छोटे-छोटे कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने पर सवाल उठाए। इस पर आयुक्त ने मामले को देखने का आश्वासन दिया।

बैठक में सड़कों की मरम्मत में देरी और खर्चों को लेकर पार्षदों की नाराजगी सामने आई। अब लंबित कार्यों की रिपोर्ट और अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Translate »
error: Content is protected !!