Home Breaking News ऊना में ड्रग्स पर बड़ा एक्शन, मेडिकल स्टोर सील

ऊना में ड्रग्स पर बड़ा एक्शन, मेडिकल स्टोर सील

ऊना । राजवीर दीक्षित

( Major action against drugs in Una, medical store sealed ) ऊना जिले के अंब उपमंडल में नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों के बड़े मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए गोंदपुर बनेहड़ा स्थित एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। ड्रग कंट्रोल विभाग की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध दवा कारोबार करने वालों को साफ संदेश मिल गया है कि अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

यह मामला 10 फरवरी का है, जब अंब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धुसाड़ा में एक कार को रोककर तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान 31,800 ट्रामाडोल, 3,735 अल्प्राजोलम और 8,000 प्रेगाबालिन टैबलेट बरामद की गई थीं। पुलिस ने मौके पर संजीव कुमार को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के जौनपुर में छापेमारी कर इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जो हिमाचल प्रदेश में नशीली दवाइयों की सप्लाई कर रहे थे। फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।

ड्रग कंट्रोल विभाग की जांच में मेडिकल स्टोर के रिकॉर्ड और दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके चलते आरोपी का नारकोटिक्स लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिया गया और रिटेल लाइसेंस 15 दिनों के लिए निलंबित किया गया।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध दवा कारोबार करने वालों में डर का माहौल है और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ऐसे मामलों में अब कोई ढील नहीं दी जाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!