चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab: A daily wage worker became a lakhpati, luck shone with just 7 rupees”) पंजाब के जालंधर से एक हैरान कर देने वाली और प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां एक दिहाड़ी मजदूर की किस्मत रातों-रात चमक गई। भगवान वाल्मीकि चौक के पास स्थित एक लॉटरी दुकान से 7 रुपये की टिकट खरीदने वाले मजदूर ने 3 लाख रुपये का इनाम जीत लिया। इस खबर के सामने आते ही इलाके में चर्चा तेज हो गई और हर कोई इसे किस्मत का बड़ा खेल बता रहा है।
जानकारी के अनुसार, कोटला जंगा के रहने वाले मलकीत राम, जो पेशे से एक मैकेनिक हैं और रोजाना 500 से 600 रुपये की दिहाड़ी पर काम करते हैं, उन्होंने पहली बार लॉटरी में अपनी किस्मत आजमाई थी। उन्होंने 7 रुपये प्रति टिकट के हिसाब से कुल 30 टिकट खरीदीं, जिन पर उन्होंने कुल 210 रुपये खर्च किए। अगले ही दिन जब उन्हें दुकान मालिक से पता चला कि उनकी एक टिकट पर 3 लाख रुपये का इनाम निकला है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
मलकीत राम ने बताया कि उनके परिवार में चार सदस्य हैं और आर्थिक स्थिति ज्यादा मजबूत नहीं है। ऐसे में उन्होंने थोड़ी उम्मीद के साथ लॉटरी खरीदी थी, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनकी किस्मत इस तरह बदल जाएगी। यह उनके जीवन का पहला मौका था जब उन्होंने लॉटरी खरीदी और पहली ही बार में बड़ी जीत हासिल कर ली।
लॉटरी दुकान के मालिक ने भी इस जीत की पुष्टि करते हुए बताया कि मलकीत ने नागालैंड स्टेट लॉटरी की टिकट खरीदी थी, जिसका ड्रॉ रोजाना निकलता है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल भी इसी लॉटरी में 7 लाख रुपये का इनाम निकला था।
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। अब मलकीत राम के लिए यह जीत एक नई शुरुआत साबित हो सकती है।



















