Home Breaking News जालंधर के बाद अमृतसर में धमाका, कांप उठा आर्मी कैंप, CCTV वीडियो...

जालंधर के बाद अमृतसर में धमाका, कांप उठा आर्मी कैंप, CCTV वीडियो आई सामने

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“After Jalandhar, blast in Amritsar shakes Army camp; CCTV video surfaces.”) पंजाब में लगातार हो रहे धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जालंधर के बीएसएफ चौक में हुए एक्टिवा ब्लास्ट के बाद अब अमृतसर से एक और बड़ी खबर सामने आई है, जहां देर रात खासा कैंप स्थित आर्मी कैंप के बाहर जोरदार धमाका हुआ। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे के बाद अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद सामने आई CCTV फुटेज ने मामले को और गंभीर बना दिया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक संदिग्ध व्यक्ति सड़क की ओर से आता है और आर्मी कैंप की तरफ कोई बमनुमा वस्तु फेंकता है। इसके कुछ ही सेकंड बाद जोरदार विस्फोट होता है और आग की लपटें उठती दिखाई देती हैं। इस घटना के बाद पुलिस, सेना और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंचे हैं और सबूत जुटाने का काम जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार धमाके में आर्मी कैंप की बाहरी दीवार पर लगी टीनों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि अभी तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

अमृतसर देहाती के एसपी आदित्य वारियर ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई थी और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इस धमाके के पीछे की असली साजिश का खुलासा हो सकता है।

Translate »
error: Content is protected !!