Home Breaking News Breaking: पंजाब में नगर निकाय चुनाव का आज ऐलान, 2027 विधानसभा से...

Breaking: पंजाब में नगर निकाय चुनाव का आज ऐलान, 2027 विधानसभा से पहले ‘सेमीफाइनल’ माने जा रहे चुनाव

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(Breaking: Municipal body elections to be announced in Punjab today; polls being seen as a ‘semifinal’ ahead of the 2027 Assembly elections) पंजाब में नगर निगम और नगर काउंसिल चुनाव को लेकर आज बड़ा ऐलान होने जा रहा है। पंजाब के चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी आज दोपहर 3:30 बजे पंजाब भवन में प्रेस कांफ्रेंस कर चुनाव की तारीखों और पूरी प्रक्रिया की जानकारी साझा करेंगे। इससे पहले चुनाव से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं।

राज्य में कुल 9 नगर निगम और 102 नगर काउंसिलों में चुनाव होने हैं। प्रशासन ने वार्डबंदी समेत सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं राजनीतिक पार्टियां भी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी हैं और अलग-अलग इलाकों में अपने ऑब्जर्वर तैनात कर दिए गए हैं।
चुनाव को लेकर संभावित उम्मीदवारों ने भी मैदान में उतरना शुरू कर दिया है। शहरों और कस्बों में बैनर-पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे चुनावी माहौल बनता नजर आ रहा है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी विभिन्न क्षेत्रों में लगा दी गई है।

हालांकि, यह चुनाव ऐसे समय में हो रहे हैं जब राज्य के स्थानीय निकाय मंत्री को हाल ही में ईडी द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया है। अभी तक उनके विभाग का अतिरिक्त प्रभार किसी को नहीं सौंपा गया है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है कि सरकार इस जिम्मेदारी को किसे सौंपेगी।

इन चुनावों को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ‘सेमीफाइनल’ के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि ये शहरी क्षेत्रों में हो रहे हैं, जहां मतदाताओं का रुझान भविष्य की राजनीति की दिशा तय करता है। आमतौर पर सत्ता में मौजूद दल को ऐसे चुनावों में बढ़त मिलती है, लेकिन इस बार चुनाव सरकार के कार्यकाल के अंतिम चरण में हो रहे हैं, जिससे नतीजे कई अहम संकेत दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही चुनाव वाले क्षेत्रों में सक्रिय नजर आ चुके हैं और पिछले दो महीनों में कई कार्यक्रम कर चुके हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें आज होने वाली प्रेस कांफ्रेंस पर टिकी हैं, जहां चुनावी तारीखों के साथ सियासी तस्वीर और साफ हो जाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!