चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Sunanda Sharma Song Controversy”) पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर सिंगर Sunanda Sharma एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया लुक या स्टेज शो नहीं, बल्कि उनका नया गाना “जोगी” है, जिसे यूट्यूब से अचानक हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि गाना रिलीज होने के सिर्फ 5 दिनों में ही करीब 1.8 मिलियन व्यूज हासिल कर चुका था, जिसके बाद इस विवाद ने और ज्यादा तूल पकड़ लिया।
सुनंदा शर्मा ने सोशल मीडिया पर सामने आकर दावा किया कि उनके गाने पर फर्जी डॉक्यूमेंट्स के जरिए कॉपीराइट स्ट्राइक लगवाई गई। सिंगर के मुताबिक, लेखक “राजा” के पुराने प्रमोटर्स ने कुछ नकली कागजात का इस्तेमाल करते हुए यूट्यूब पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके चलते प्लेटफॉर्म ने विवाद से बचने के लिए गाने को अस्थायी रूप से हटा दिया। हालांकि सुनंदा का कहना है कि उनका पूरा काम कानूनी प्रक्रिया और सही एग्रीमेंट्स के साथ हुआ था।
सुनंदा शर्मा ने अपने फैंस से कहा कि इंडस्ट्री में काम करते समय डॉक्यूमेंटेशन बेहद जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि इस विवाद का सबसे ज्यादा असर पूरी टीम पर पड़ा है, खासकर गीतकार “राजा” काफी डिमोटिवेट हुए हैं। सिंगर ने लोगों से अपील की कि दूसरों का रास्ता रोकने की बजाय उनका समर्थन करें।
फिलहाल सुनंदा की लीगल टीम यूट्यूब से कॉपीराइट स्ट्राइक हटवाने की कोशिश कर रही है। सिंगर ने साफ किया कि सिर्फ “जोगी” गाना प्रभावित हुआ है, जबकि उनके बाकी सभी गाने सुरक्षित हैं। इससे पहले रिलीज हुआ उनका सुपरहिट ट्रैक “दिलबर” अभी भी उनके चैनल पर मौजूद है।
अब फैंस को इंतजार है कि आखिर “जोगी” दोबारा कब यूट्यूब पर वापसी करेगा। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस खुलकर सुनंदा शर्मा के समर्थन में उतर आए हैं।



















