चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Relief Rain Amid Scorching Heat, Weather Changes Across Several Areas”) पंजाब और चंडीगढ़ में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। पठानकोट में ओलावृष्टि हुई, जबकि मोहाली, जालंधर समेत कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला सहित पंजाब के 13 जिलों में तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। प्रभावित जिलों में मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, रूपनगर, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, गुरदासपुर और पठानकोट शामिल हैं।
बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 4 जून तक हीटवेव पूरी तरह खत्म होने की संभावना है।
हालांकि, इस साल मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत मिले हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अल-नीनो के प्रभाव के कारण मानसूनी हवाओं और बारिश के पैटर्न पर असर पड़ सकता है। अनुमान है कि मानसून 25 जून तक पंजाब में दस्तक दे सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन 112 पर संपर्क करने की सलाह दी है।



















