शिमला । राजवीर दीक्षित
(Shimla Police’s Major Action: Interstate Drug Trafficker from Punjab Arrested with 300 Grams of Heroin.)नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को लगभग 300 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने पंजाब के खरड़ स्थित उसके घर पर छापा मारकर यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरप्रीत उर्फ हैरी के रूप में हुई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई 10 जून को शिमला में राहुल ठाकुर नामक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद की गई। उस समय पुलिस ने उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए थे।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act), 1985 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने व्हाट्सएप चैट, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल की। जांच में खुलासा हुआ कि राहुल ठाकुर ने यह नशीला पदार्थ हरप्रीत उर्फ हैरी से खरीदा था, जो लंबे समय से ड्रग तस्करी में शामिल था।
पुख्ता सबूत मिलने के बाद शिमला पुलिस की एक विशेष टीम को पंजाब भेजा गया। टीम ने खरड़ स्थित हैरी के घर पर छापा मारा, जहां से लगभग 309 ग्राम हेरोइन और 61,900 रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए शिमला लाया गया है।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि हैरी ड्रग तस्करी के दौरान केवल व्हाट्सएप के माध्यम से ही संपर्क करता था। पुलिस से बचने के लिए वह नशीले पदार्थों की बिक्री से मिलने वाली रकम अपने बैंक खाते में न लेकर परिवार के सदस्यों, दोस्तों और सहयोगियों के खातों में जमा करवाता था। बाद में वह उन खातों से पैसे निकलवाकर अपने पास नकद रखता था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 316 ग्राम हेरोइन बरामद की जा चुकी है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।



















