चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Chandigarh Cashier Murder Case: Accused Shot While Trying to Escape During Police Transit “) चंडीगढ़ के बहुचर्चित श्री कुमार मेडिकोज कैशियर जनकी दास हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सनी मेहरा और आर्यन को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर चंडीगढ़ लाया जा रहा था। इसी दौरान सेक्टर-25 के जंगल क्षेत्र में आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों को लेकर आ रही गाड़ी सेक्टर-25 के जंगल एरिया से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दोनों आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीन ली और फरार होने का प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं।
इस दौरान आरोपी सनी मेहरा को दो गोलियां और आर्यन को एक गोली लगने की जानकारी सामने आई है। दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस वाहन के चालक को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई।
मामले से जुड़ा एक और विवाद तब सामने आया जब गिरफ्तारी के बाद एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। ऑडियो में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की आवाज होने का दावा किया गया, जिसमें गिरफ्तार आरोपियों को नुकसान पहुंचाने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। हालांकि, इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। कैशियर जनकी दास हत्याकांड और उसके बाद हुई इस कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग आगे की जांच पर नजर बनाए हुए हैं।



















