Home Chandigarh पंजाब दौरे पर आएंगे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वर्ण मंदिर से करेंगे...

पंजाब दौरे पर आएंगे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वर्ण मंदिर से करेंगे चुनावी अभियान का आगाज

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(BJP President Nitin Naveen to Visit Punjab; Will Launch Election Campaign from the Golden Temple.)पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 जून से राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं।

अपने पहले पंजाब दौरे की शुरुआत वह अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर करेंगे। इसके बाद दुर्गियाना मंदिर में दर्शन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला पंजाब दौरा है, इसलिए इसे राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमृतसर के बाद उनका कार्यक्रम जालंधर और लुधियाना में रहेगा, जहां वे भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। 21 जून को लुधियाना में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब 7,500 नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

भाजपा इस दौरे के जरिए राज्य में अपने संगठन को और मजबूत करने का संदेश देना चाहती है। खासतौर पर मालवा क्षेत्र में पार्टी अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है, क्योंकि पंजाब की राजनीति में इस क्षेत्र की निर्णायक भूमिका मानी जाती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हरमंदिर साहिब और दुर्गियाना मंदिर से दौरे की शुरुआत कर भाजपा सिख समुदाय के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव पंजाब में अपने दम पर लड़ेगी। इसी रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार सक्रिय नजर आ रहा है।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में भाजपा और आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में पंजाब चुनावों की तैयारियों और नितिन नवीन के दौरे को सफल बनाने की रूपरेखा भी तैयार की गई है।

अब सभी की नजरें इस दौरे पर टिकी हैं, क्योंकि इसे पंजाब में भाजपा के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है।

Translate »
error: Content is protected !!