Home Chandigarh टेलीग्राम यूज़र्स के लिए बड़ी खुशखबरी! ऐप फिर से हुई चालू, लेकिन...

टेलीग्राम यूज़र्स के लिए बड़ी खुशखबरी! ऐप फिर से हुई चालू, लेकिन iPhone में अभी भी समस्या ”

द टारगेट वेब डेस्क

(‘Good News for Telegram Users! App Back Online, But Not on iPhones Yet”) मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम को लेकर करोड़ों यूज़र्स के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह कई मौजूदा यूज़र्स के लिए टेलीग्राम सेवाएं फिर से बहाल हो गईं। गूगल ने भी अपने प्ले स्टोर पर टेलीग्राम ऐप को दोबारा उपलब्ध करा दिया है, जिससे एंड्रॉयड यूज़र्स इसे डाउनलोड और इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, iPhone यूज़र्स के लिए अभी भी परेशानी बनी हुई है क्योंकि ऐप फिलहाल एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है।

दरअसल, केंद्र सरकार ने NEET-UG पुनर्परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले को देखते हुए गूगल और एप्पल को 22 जून तक अपने-अपने ऐप स्टोर्स से टेलीग्राम हटाने के निर्देश दिए थे। सरकार का मानना था कि कुछ मामलों में टेलीग्राम का इस्तेमाल पेपर लीक से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा सकता है, इसलिए एहतियातन यह कदम उठाया गया।

गौरतलब है कि NEET-UG परीक्षा देशभर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। प्रश्न पत्र लीक के आरोपों के बाद पहले आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया गया था और 21 जून को पुनर्परीक्षा करवाई गई। अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या धोखाधड़ी की सूचना सामने नहीं आई है।

सरकार ने टेलीग्राम को एक और निर्देश जारी करते हुए 30 जून तक भारत में पहले से भेजे गए संदेशों को एडिट करने की सुविधा अस्थायी रूप से बंद करने को कहा है। इसका उद्देश्य जांच एजेंसियों को सबूतों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचाना बताया गया है।

इस बीच टेलीग्राम के सीईओ पावेल दुरोव ने भारत में लगाए गए प्रतिबंध की आलोचना की है। उनका कहना है कि ऐप पर पाबंदी लगाने से प्रश्न पत्र लीक जैसी घटनाएं नहीं रुकेंगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ बड़ी टेक और कॉर्पोरेट कंपनियों ने इस कार्रवाई के लिए दबाव बनाया हो सकता है।

फिलहाल एंड्रॉयड यूज़र्स के लिए टेलीग्राम की वापसी राहत भरी खबर है, जबकि iPhone यूज़र्स को ऐप स्टोर पर इसकी वापसी का अभी इंतजार करना पड़ेगा।

Translate »
error: Content is protected !!