Home Chandigarh PSPCL हड़ताल का असर: पंजाब में 10 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को...

PSPCL हड़ताल का असर: पंजाब में 10 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिले N-Code बिजली बिल

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“PSPCL Strike Impact: Over 10 Lakh Consumers Receive N-Code Power Bills Across Punjab “) पंजाब में PSPCL के आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल अब सीधे बिजली उपभोक्ताओं पर असर डालने लगी है। राज्यभर में 10.5 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को N-Code बिजली बिल जारी किए गए हैं, जिससे लोगों में भ्रम और चिंता का माहौल बन गया है। सबसे ज्यादा असर लुधियाना सहित कई बड़े शहरों में देखने को मिला, जहां नियमित मीटर रीडिंग और स्पॉट बिलिंग का काम प्रभावित हुआ।

PSPCL के अनुसार N-Code बिल कोई अंतिम बिल नहीं होता, बल्कि यह एक अस्थायी या अनुमानित बिल होता है। जब किसी कारणवश वास्तविक बिजली खपत का डेटा उपलब्ध नहीं हो पाता या सिस्टम तक नहीं पहुंचता, तब उपभोक्ता की पिछली खपत के आधार पर बिल तैयार किया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही वास्तविक मीटर रीडिंग उपलब्ध होगी, बिलों का पूरा मिलान कर लिया जाएगा और अतिरिक्त या कम राशि अगली बिलिंग में स्वतः समायोजित कर दी जाएगी।

हैरानी की बात यह है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ता भी इस समस्या से अछूते नहीं रहे। डेटा सिंक्रोनाइजेशन और नेटवर्क कनेक्टिविटी में आई दिक्कतों के कारण करीब 92 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को भी N-Code बिल जारी करने पड़े।

बिलिंग आंकड़ों के मुताबिक राज्य में 1.55 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को 5 हजार रुपये से ज्यादा के अस्थायी बिल मिले हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को 1 हजार से 5 हजार रुपये तक के बिल जारी किए गए हैं। राजस्व संग्रह प्रभावित न हो, इसके लिए PSPCL ने बड़े बिलों की स्पीड पोस्ट से डिलीवरी और अन्य बिलों की फील्ड कर्मचारियों के माध्यम से घर-घर पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

PSPCL ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि N-Code बिल मिलने पर घबराने की जरूरत नहीं है। वास्तविक खपत और अनुमानित बिल के बीच का अंतर आगामी बिलों में समायोजित कर दिया जाएगा। अब सभी की नजर इस बात पर है कि हड़ताल कब खत्म होती है और बिजली बिलिंग व्यवस्था कब पूरी तरह सामान्य होती है।

Translate »
error: Content is protected !!