चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“CM Bhagwant Mann on Fake Video Row “) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को एक रिकॉर्डेड वीडियो संदेश जारी कर अपने खिलाफ चल रहे कथित फर्जी वीडियो विवाद पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल (SAD), कांग्रेस और भाजपा ने उनके खिलाफ एक “सांझा मोर्चा” बना लिया है क्योंकि वे उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने में असफल रहे हैं।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि विपक्षी दल अब उन्हें धार्मिक आधार पर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “वे राजनीतिक रूप से मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सके, इसलिए अब धार्मिक भावनाएं आहत करने के झूठे आरोप लगाकर मेरी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।”
मान ने दावा किया कि जिस व्यक्ति को विवादित वीडियो में दिखाया गया है, वह वह नहीं हैं। उन्होंने कहा, “वीडियो में दिख रहा व्यक्ति न तो मेरी तरह दिखता है, न मेरी तरह खड़ा होता है और न ही मेरी तरह चलता है। लोगों ने वीडियो देखा है और मुझे सैकड़ों फोन कॉल व वीडियो संदेश मिले हैं। सभी का मानना है कि वह मैं नहीं हूं।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी टीम ने वीडियो की जांच स्वतंत्र लैब्स से करवाई, जिनकी रिपोर्ट में भी यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वह नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उन लैब मालिकों पर दबाव बनाया और उन्हें यह कहने के लिए मजबूर किया कि रिपोर्ट गलत तरीके से तैयार करवाई गई थी।
भगवंत मान ने कहा, “जनता सच जानती है। लोग खुद फैसला करें। पंजाब की जनता ने विपक्षी दलों को राजनीतिक रूप से नकार दिया है, इसलिए अब वे हमें बदनाम करने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।”
इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और यह मुद्दा आने वाले दिनों में और अधिक राजनीतिक गरमाहट ला सकता है।



















