ऊना। राजवीर दीक्षित
(“Una Bike Theft Case “) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से बाइक चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हरोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर दिया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की गई एक मोटरसाइकिल के साथ दो अन्य संदिग्ध बाइक भी बरामद की हैं, जिनके दस्तावेज आरोपी पेश नहीं कर सके। पुलिस को आशंका है कि ये दोनों बाइक भी चोरी की हो सकती हैं और उनकी गहन जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो वयस्क और तीन नाबालिग शामिल हैं। वयस्क आरोपियों की पहचान कुटारखुर्द निवासी अमित कुमार और सुनेहड़ा निवासी बबलू राम के रूप में हुई है, जबकि तीनों नाबालिगों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मामले की शुरुआत 24 जून को हुई, जब भदसाली निवासी अंकित जसवाल ने पंडोगा पुलिस चौकी में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही हरोली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी हरोली मोहन रावत के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पूछताछ के दौरान आरोपी अमित कुमार की निशानदेही पर चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई। इसके अलावा दो अन्य बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। इन वाहनों के वैध दस्तावेज नहीं मिलने से पुलिस अब इनके चोरी के मामलों से जुड़े होने की जांच कर रही है।
पुलिस दोनों वयस्क आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी, ताकि क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरियों का भी खुलासा किया जा सके। एसपी सचिन हिम्मत ने लोगों से अपने वाहन और घरों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



















