नई दिल्ली। राजवीर दीक्षित
(A major achievement for India: Indigenous bird flu vaccine to be available for ₹2!) भारत ने पशुपालन और पोल्ट्री क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश ने पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित कर ली है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित किया। सरकार के अनुसार, यह एवियन इन्फ्लूएंजा के इस विशेष वैरिएंट के खिलाफ दुनिया की पहली वैक्सीन है।
इस वैक्सीन की कीमत महज 1 से 2 रुपये प्रति डोज रखी गई है। इससे छोटे पोल्ट्री किसानों को भी अपने पक्षियों का टीकाकरण करवाने में मदद मिलेगी। सरकार को उम्मीद है कि इससे बर्ड फ्लू के प्रकोप पर नियंत्रण, किसानों की आजीविका की सुरक्षा और आर्थिक नुकसान कम करने में मदद मिलेगी।
भोपाल के वैज्ञानिकों ने तैयार की वैक्सीन
यह स्वदेशी वैक्सीन भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने विकसित की है। कृषि मंत्री ने वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कड़े जैव-सुरक्षा नियमों के तहत लगातार मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की है।
चौहान ने भोपाल में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला स्थापित करने की भी घोषणा की।
बर्ड फ्लू से लाखों मुर्गियों की मौत
कृषि मंत्रालय के अनुसार, भारत में 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में पहला मामला सामने आने के बाद से बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। शुरुआती प्रकोप में करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी। इसके बाद 2021 में लगभग 9 लाख और इस साल करीब 2 लाख मुर्गियों की जान गई।
इस बीमारी से पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा यह वायरस स्तनधारी जीवों और इंसानों तक पहुंचने का संभावित जोखिम भी पैदा करता है। ऐसे में प्रभावी रोकथाम और नियंत्रण के उपाय बेहद जरूरी हैं।
पशु रोगों से हर साल हजारों करोड़ का नुकसान
कृषि मंत्री ने पशुपालन को किसानों की नियमित आय का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए कहा कि पशुधन किसानों के लिए ‘चलता-फिरता एटीएम’ है। उनके मुताबिक, पशुपालन का भारत की GDP में 14 प्रतिशत और पोल्ट्री क्षेत्र का एक प्रतिशत योगदान है।
उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग से हर साल करीब 22,000 करोड़ रुपये, लंपी स्किन बीमारी से 20,000 करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और पीपीआर बीमारी से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता है। इन बीमारियों से कुल वार्षिक आर्थिक बोझ करीब 56,000 करोड़ रुपये आंका गया है।
टीकाकरण अभियान में भी बड़ी उपलब्धि
चौहान के अनुसार, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका बीमारी के खिलाफ 147.16 करोड़ मुफ्त वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि ब्रुसेलोसिस पर भी नियंत्रण पाया गया है।
मंत्री ने ICAR-NIHSAD की अन्य उपलब्धियों का भी जिक्र किया। इनमें गम्बोरो रोग, ब्रुसेला एबॉर्टस S-19 डेल्टा, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के लिए विकसित स्वदेशी वैक्सीन शामिल हैं।
नई H5N1 वैक्सीन को पोल्ट्री क्षेत्र की सुरक्षा और किसानों के आर्थिक हितों के लिए अहम कदम माना जा रहा है।













