Home Chandigarh अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में येलो वार्निंग

अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में येलो वार्निंग

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Weather Alert “) पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज पंजाब के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि मोहाली, रूपनगर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब और पठानकोट में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हालांकि राज्य में मानसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन अब तक बारिश की रफ्तार धीमी रही है। इसके चलते गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया। मंगलवार को पंजाब का सबसे अधिक तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया, जिससे बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। राज्य में बिजली की खपत 15,003 मेगावाट तक पहुंच गई, जिसे पूरा करने के लिए केंद्रीय ग्रिड से अतिरिक्त बिजली लेनी पड़ी।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से पंजाब के बाकी हिस्सों में फैल रहा है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी सक्रिय हो गया है, जिसके कारण अगले 2 से 3 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिल सकती है।

वहीं, भाखड़ा और पोंग बांधों में भी जलस्तर बढ़ रहा है। भाखड़ा बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है, जबकि पोंग बांध में भी पर्याप्त जल प्रवाह दर्ज किया गया है। यदि आने वाले दिनों में बारिश तेज होती है, तो बांधों के जलस्तर में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। आने वाले 48 घंटे पंजाब के मौसम के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।

Translate »
error: Content is protected !!