द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“Karan Aujla’s Manager Among 4 Arrested! Know Why Action Was Taken “) चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित कोमो हाउस क्लब में एनआरआई छात्र ध्रुव त्रेहन से मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन सेल ने फरार 5 आरोपियों में से 4 को हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में पंजाबी गायक करण औजला का मैनेजर बलदीप सिंह, आरपीजी हमले के मामले का आरोपी जगदीप सिंह कंग उर्फ जग्गी, अनिकेत गुप्ता और तनमिंदर सिंह शामिल हैं। पुलिस अब सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी ताकि फरार पांचवें आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई की रात ध्रुव त्रेहन अपने दोस्त स्वपन थिंद के साथ क्लब पहुंचा था। क्लब के बाहर किसी बात को लेकर स्वपन थिंद और अनिकेत गुप्ता के बीच बहस हो गई। जब ध्रुव बीच-बचाव करने आया तो आरोप है कि अनिकेत और उसके साथियों ने उस पर घूंसों, मुक्कों और कड़े से हमला कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने टेबल उठाकर उनकी ओर फेंकी और जान से मारने की धमकियां दीं। ध्रुव का आरोप है कि अनिकेत ने खुद को जज का बेटा बताते हुए उसे और उसके परिवार को गोली मारने की धमकी भी दी।
इतना ही नहीं, शिकायत के मुताबिक आरोपी बाद में BMW X7 से कथित तौर पर हथियार निकालकर लाए, उन्हें लहराते हुए लोगों को डराया और वहां मौजूद लोगों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान कई वाहनों को भी टक्कर मारी गई। हमले में ध्रुव के सिर, हाथ और कान पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब इस हाई-प्रोफाइल केस में हुई गिरफ्तारियों ने पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है।



















