Home Chandigarh ₹5 हजार में बिक रही थी हिमाचल बोर्ड की फर्जी 10वीं-12वीं की...

₹5 हजार में बिक रही थी हिमाचल बोर्ड की फर्जी 10वीं-12वीं की मार्कशीट ! बड़ा रैकेट बेनकाब, 3 गिरफ्तार

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(Fake Himachal Board Class 10 & 12 Mark Sheets Sold for ₹5,000; Major Racket Busted, Three Arrested) दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय फर्जी मार्कशीट रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) के नाम पर नकली 10वीं और 12वीं की मार्कशीट व शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार कर पूरे देश में बेच रहा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महज ₹5,000 से ₹10,000 लेकर किसी भी व्यक्ति के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर देते थे।

सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने फर्जी ग्राहक बनकर जाल बिछाया और शाहदरा के जीटी रोड स्थित विकास मॉल के पास छापेमारी कर गिरोह के सदस्य नवनीत त्यागी को दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसके दो साथी शबाब आलम और फरीद अहमद सैफी भी गिरफ्तार कर लिए गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लैपटॉप, प्रिंटर, तैयार फर्जी मार्कशीट, नकली प्रमाणपत्र और दस्तावेज बनाने के उपकरण बरामद किए। शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरोह अब तक 100 से 150 फर्जी मार्कशीट और सर्टिफिकेट बेच चुका है। आरोपी मुख्य रूप से ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जिन्हें नौकरी या अन्य कार्यों के लिए 10वीं या 12वीं पास का प्रमाणपत्र चाहिए होता था।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह एक समाप्त हो चुके शैक्षणिक संस्थान के पंजीकरण का दुरुपयोग कर बैकडेट में फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहा था। उधर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इस पूरे मामले से खुद को अलग बताते हुए कहा है कि बोर्ड का इस फर्जीवाड़े से कोई संबंध नहीं है। बोर्ड ने सभी सरकारी और निजी संस्थानों से भर्ती के दौरान प्रमाणपत्रों का अनिवार्य सत्यापन कराने की अपील की है।

फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और आशंका जताई जा रही है कि इस रैकेट से जुड़े कई और बड़े खुलासे आने वाले दिनों में हो सकते हैं।

Translate »
error: Content is protected !!