Home Punjab कपड़ा व्यापारी की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग

कपड़ा व्यापारी की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग

कपूरथला। राजवीर दीक्षित

(Firing at Cloth Merchant’s Shop in Kapurthala) कपूरथला के कला संघियां मुख्य बाजार में शनिवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने कपड़ा व्यापारी कुलदीप कुमार लूंबा की दुकान और उसके ऊपर बने आवासीय हिस्से पर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी रात के समय मोटरसाइकिल पर सवार होकर कपड़ा व्यापारी की दुकान के बाहर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने दुकान और ऊपर बने घर की ओर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार CCTV फुटेज में आरोपियों द्वारा करीब चार राउंड फायरिंग करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।

गोली चलने की आवाज सुनकर मुख्य बाजार में तैनात नाइट गार्ड सतर्क हो गए। उन्होंने तुरंत लूंबा परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही समय में कला संघियां पुलिस चौकी और सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

थाना प्रभारी मेजर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से इस्तेमाल किए गए कारतूस बरामद किए और आसपास के इलाके की जांच की। गोलीबारी के दौरान एक गोली दुकान के शटर को पार करते हुए सामने लगे टफेंड ग्लास से जा टकराई, जिससे शीशा टूट गया। घटना से संपत्ति को नुकसान हुआ, लेकिन परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं लगी।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। DSP शीतल सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है।

वहीं, कला संघियां पुलिस चौकी के प्रभारी ASI अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस CCTV फुटेज को खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जुटा रही है।

देर रात हुई इस फायरिंग के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस फायरिंग के कारण, आरोपियों की पहचान और उनके संभावित मकसद की जांच में जुटी हुई है।

Translate »
error: Content is protected !!