Home Breaking News कांगड़ा से सिलिकॉन वैली तक की कहानी! रो खन्ना का हिमाचल कनेक्शन

कांगड़ा से सिलिकॉन वैली तक की कहानी! रो खन्ना का हिमाचल कनेक्शन

कांगड़ा।राजवीर दीक्षित

अमेरिका के कैलिफोर्निया की 17वीं कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से दोबारा निर्वाचित भारतीय-अमेरिकी सांसद रोहित ‘रो’ खन्ना की जीत के बाद हिमाचल प्रदेश से उनका पारिवारिक जुड़ाव भी चर्चा में आ गया है। उनके पूर्वजों का संबंध कांगड़ा जिले के नूरपुर क्षेत्र से बताया जाता है। कांगड़ा शहर में तहसील चौक के पास उनका पुश्तैनी मकान भी है, जिसकी देखभाल परिवार की ओर से नियुक्त एक केयरटेकर करता है।

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, खन्ना के पूर्वज पहले नूरपुर में रहते थे और बाद में कांगड़ा शहर में आकर बस गए। उनके माता-पिता विजय खन्ना और ज्योत्सना खन्ना बाद में अमेरिका चले गए थे। उनके पिता वर्ष 1968 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए, जबकि उनकी मां 1975 में वहां पहुंचीं। विजय खन्ना ने अमेरिका में केमिकल इंजीनियर के रूप में काम किया।

फिलाडेल्फिया में हुआ जन्म, स्टैनफोर्ड में पढ़ाया; ओबामा प्रशासन में भी निभाई जिम्मेदारी

13 सितंबर 1976 को फिलाडेल्फिया में जन्मे रो खन्ना ने शिकागो यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की और येल यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की। राजनीति में आने से पहले वह स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र पढ़ाते थे और वकालत भी करते थे। वर्ष 2009 से 2011 तक तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन में डिप्टी असिस्टेंट सेक्रेटरी ऑफ कॉमर्स के पद पर भी रहे।

खन्ना ने वर्ष 2016 के चुनाव में तत्कालीन सांसद माइक होंडा को हराकर अमेरिकी कांग्रेस में प्रवेश किया और 2017 में अपना कार्यकाल शुरू किया। वह कैलिफोर्निया के 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसमें सिलिकॉन वैली का बड़ा हिस्सा शामिल है। 3 नवंबर 2026 के चुनाव में उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार रितेश टंडन को हराकर फिर जीत दर्ज की।

रो खन्ना का पारिवारिक इतिहास भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से भी जुड़ा रहा है। उनके नाना अमरनाथ विद्यालंकार स्वतंत्रता सेनानी और गांधीवादी विचारधारा से जुड़े थे। वह लाला लाजपत राय के साथ काम कर चुके थे और ब्रिटिश शासन के खिलाफ आंदोलन में भाग लेने के कारण कई वर्ष जेल में भी रहे। खन्ना अपने नाना के योगदान और उनके विचारों का उल्लेख सार्वजनिक जीवन के प्रति अपनी समझ के संदर्भ में करते रहे हैं।

रो खन्ना की चुनावी जीत के बाद कांगड़ा के तहसील चौक के पास स्थित उनके परिवार का पुश्तैनी मकान एक बार फिर चर्चा में है। कांगड़ा नगर परिषद के पार्षद संजीव गुप्ता के अनुसार, मकान फिलहाल खाली है और उसकी देखभाल के लिए एक केयरटेकर नियुक्त किया गया है। केयरटेकर से संपर्क करने की कोशिश सफल नहीं हो सकी।

इस तरह अमेरिका की राजनीति में सक्रिय रो खन्ना की सफलता ने हिमाचल के नूरपुर और कांगड़ा से उनके पारिवारिक रिश्तों को फिर सुर्खियों में ला दिया है।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
कांगड़ा से सिलिकॉन वैली तक की कहानी! रो खन्ना का हिमाचल कनेक्शन कुराली में दिवाली सीजन के दौरान पटाखों की बिक्री 100 करोड़ रुपये के पार पहुंची दिल्ली प्रदूषण संकट: आप का भाजपा पर पंजाब के किसानों को बदनाम करने का आरोप दिवाली की रात खरड़ में वायु गुणवत्ता सूचकांक 1,119 के खतरनाक स्तर पर पहुंचा एनटीएएस ने मासिक नाटक मेले को गुरु तेgh बहादुर को समर्पित किया पंचकूला की घटना के बाद स्कूलों में सुरक्षा उपायों और निगरानी की सख्त जरूरत पर चर्चा पंजाब में दिवाली पर 125 करोड़ रुपये के पटाखे जले, तय समय सीमा का हुआ उल्लंघन टनकेश्वर कुमार तीन साल के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी के नए कुलपति नियुक्त पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों का आम आदमी पार्टी पर हमला, भगोड़ों के प्रत्यर्पण का झूठा श्रेय लेने का लगाया आरोप चंडीगढ़ में निर्माण श्रमिकों ने मनाई विश्वकर्मा पूजा, नेताओं को दी विनम्रता की सीख