चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Weather Takes a Turn, Heavy Rain in Several Cities; More Rain Expected Over the Next 7 Days “) पंजाब के कई शहरों में मंगलवार को मौसम ने करवट ली और अमृतसर, जालंधर, पठानकोट समेत कई इलाकों में बारिश हुई। पठानकोट में रात से तेज बारिश जारी रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में भी सुबह से रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई। कई जगहों पर बारिश के कारण सड़कें पानी से भर गईं और यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब में अगले 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 11 और 13 अगस्त को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 12, 14, 15 और 16 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं।
सोमवार को शाम 5:30 बजे तक पंजाब के 5 जिलों में बारिश दर्ज की गई थी। इनमें अमृतसर में सबसे ज्यादा 53 मिलीमीटर बारिश हुई। पठानकोट के थीम डैम और रूपनगर के रोपड़ केवीके में 0.5-0.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि लुधियाना और पटियाला में ट्रेस बारिश दर्ज की गई।
बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। पंजाब के अधिकतम तापमान में करीब 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। गुरदासपुर 35.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि चंडीगढ़ में तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं, भाखड़ा डैम में पानी का स्तर 1,614 फीट दर्ज हुआ, जो अधिकतम सीमा से करीब 66 फीट नीचे है। पोंग डैम का जलस्तर भी अधिकतम स्तर से करीब 41 फीट नीचे बताया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों की बारिश पर सभी की नजर बनी हुई है।



















