ऊना । राजवीर दीक्षित
ऊना जिले के अंब उपमंडल के अपर लोहरा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 6 फीट लंबा अजगर आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। घटना देर रात करीब 2 बजे की है, जब वार्ड नंबर-2 निवासी प्रकाश चंद ने अपने घर के बाहर अजगर को देखा। अजगर को देखकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई, लेकिन सूझबूझ दिखाते हुए एक स्थानीय निवासी ने उसे सुरक्षित तरीके से बाल्टी के नीचे रोक लिया।
अजगर बाहर न निकल सके, इसके लिए बाल्टी के ऊपर भारी सामान भी रख दिया गया। सुबह होते ही मामले की सूचना वन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही डिप्टी फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर सुनील कुमार एक फॉरेस्ट गार्ड के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद अजगर को एक बोरे में सुरक्षित रखा गया और उसे आबादी से दूर जंगल क्षेत्र में ले जाया गया। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि अजगर को समय रहते सुरक्षित तरीके से काबू कर लिया गया और उसे बिना नुकसान पहुंचाए वापस जंगल में छोड़ दिया गया। यह घटना एक बार फिर बताती है कि वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने पर घबराने के बजाय वन विभाग को सूचना देना और विशेषज्ञों की मदद लेना सबसे सुरक्षित तरीका है।



















