जालंधर। राजवीर दीक्षित
(Youth caught on suspicion of stealing an Activa; beaten and tied to a gate. He claimed he had come to buy medicine; police have taken him into custody and initiated an investigation) जालंधर के कपूरथला रोड स्थित सुल्तानपुर बाजार में एक्टिवा चोरी के शक में एक युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। स्थानीय दुकानदारों ने युवक को पकड़ने के बाद कथित तौर पर उसकी पिटाई की और उसे लोहे के गेट से रस्सी के सहारे बांध दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पकड़े गए युवक की पहचान विक्की, निवासी सुल्तानपुर इलाके के रूप में हुई है। हालांकि, युवक ने अपने ऊपर लगे चोरी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
एक्टिवा चोरी की कोशिश का लगाया आरोप
जानकारी के मुताबिक, सुल्तानपुर बाजार में दुकानदारों ने एक युवक को संदिग्ध हालत में देखा। दुकानदारों का आरोप था कि दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा को युवक चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहा था।
शक होने पर दुकानदारों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने युवक के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
युवक को भागने से रोकने के लिए उसे लोहे के गेट के साथ रस्सी से बांध दिया गया। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है।
युवक बोला- चोरी नहीं की, दवाई लेने आया था
वहीं, विक्की ने अपने ऊपर लगाए गए चोरी के आरोपों को गलत बताया। उसका कहना है कि वह एक्टिवा चोरी करने नहीं आया था, बल्कि दवाई लेने के लिए सुल्तानपुर बाजार आया था और पैदल जा रहा था।
विक्की का आरोप है कि दुकानदारों ने गलतफहमी के चलते उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। उसने खुद को बेकसूर बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
भीड़ ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। कुछ स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की गश्त और कार्रवाई पर सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि चोरी की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण कई बार लोग खुद कानून हाथ में लेने लगते हैं।
हालांकि, किसी व्यक्ति पर चोरी का आरोप साबित होने से पहले उसके साथ मारपीट और उसे बांधने की घटना ने भी सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक वास्तव में एक्टिवा चोरी करने की कोशिश कर रहा था या फिर गलतफहमी में उसे पकड़ लिया गया।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही चोरी के आरोपों और युवक के साथ हुई मारपीट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



















