Home Crime दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यक्ति पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यक्ति पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

अम्ब। राजवीर दीक्षित

(Man attacked while returning home after closing shop; three accused arrested) थाना अंब के तहत बेहड़ जसवां के समीप दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे व्यक्ति पर तलवारों, हाकियों और लाठियों से किए गए हमले के मामले में अंब पुलिस ने तीन दिन के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पंजाब और दो हिमाचल प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे और हमले के पीछे असल कारण क्या था।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच अकरोट निवासी भागवत कुमार अपनी दुकान बंद करने के बाद भानजे के साथ स्कूटी पर घर लौट रहा था। बेहड़ जसवां पंचायत के रिग चौंक के समीप पहुंचने पर कार सवार चार-पांच लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और तलवारों, हाकियों तथा लाठियों से हमला कर दिया। शोर-शराबा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(1), 126(2), 191(2), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज किया था। अब तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।

और कितने लोग थे, किसकी क्या भूमिका थी, पुलिस खंगालेगी

पुलिस रिमांड के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि वारदात में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों, कार और अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही हमले के पीछे किसी पुरानी रंजिश, विवाद या अन्य कारण की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ से सामने आने वाली जानकारियों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक पंजाब और दो हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। दो पुरुष और एक महिला आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सोमवार तक पुलिस रिमांड मिला है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि वारदात में और कितने लोग शामिल थे, उनकी क्या भूमिका थी और हमला किस कारण से किया गया। जांच में सामने आने वाली कड़ियों को जोड़कर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!