Home Chandigarh PU छात्र चुनाव सरगर्मियां तेज, 31 को होगा मतदान

PU छात्र चुनाव सरगर्मियां तेज, 31 को होगा मतदान

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(PU student election activity intensifies; voting to be held on the 31st) पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव 2026-27 को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब आज नाम वापसी और अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। विश्वविद्यालय में 31 अगस्त को मतदान कराया जाएगा, जबकि छात्र संघ के प्रमुख पदों के लिए वोटों की गिनती जिम्नेजियम हॉल में होगी।

छात्र संगठनों के उम्मीदवारों ने अपने-अपने विभागों में नामांकन दाखिल करने के बाद स्टूडेंट सेंटर पर शक्ति प्रदर्शन भी किया। हालांकि, इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक पोस्टवाइज उम्मीदवारों की संख्या और प्रोविजनल कैंडिडेट लिस्ट सार्वजनिक नहीं की है।

24 अगस्त को दाखिल हुए नामांकन

विश्वविद्यालय की ओर से 20 अगस्त को जारी चुनाव बुलेटिन के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू हुई। उम्मीदवारों ने सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक नामांकन दाखिल किए। इसके बाद 10:35 बजे नामांकन पत्रों की जांच की गई।

दोपहर 12 बजे संबंधित विभागों के नोटिस बोर्ड पर उम्मीदवारों की सूची लगाई गई, जबकि 12:30 से 1:30 बजे तक सूची को लेकर आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया गया।

आज नाम वापसी के बाद सामने आएगी तस्वीर

नामांकन और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नाम वापसी का चरण है। नाम वापसी के बाद विश्वविद्यालय की ओर से अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। इसी सूची से तय होगा कि छात्र संघ के विभिन्न पदों पर किस-किस के बीच सीधा मुकाबला होगा।

31 अगस्त को होगा मतदान

पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल के लिए 31 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से मतदान शुरू होगा। विभागों में मतदान पूरा होने के बाद छात्र संघ के पदाधिकारियों के चुनाव से संबंधित मतपेटियां रिटर्निंग अधिकारियों से एकत्र कर जिम्नेजियम हॉल स्थित स्टाफ/वार्डन हॉल में पहुंचाई जाएंगी।

विभागीय प्रतिनिधियों के चुनाव से जुड़े परिणाम संबंधित विभागों में दोपहर 12 बजे से प्रदर्शित किए जाएंगे।

जिम्नेजियम हॉल में होगी वोटों की गिनती

छात्र संघ के प्रमुख पदों के लिए पड़े वोटों की गिनती 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे से जिम्नेजियम हॉल में होगी। मतगणना के साथ ही पदाधिकारियों के चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा।

वहीं, विभागीय प्रतिनिधियों के परिणाम संबंधित विभागों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी किए जाएंगे।

8 सितंबर तक भेजने होंगे विभागीय परिणाम

विश्वविद्यालय के निर्देशों के मुताबिक सभी विभागों के अध्यक्ष, निदेशक और समन्वयक विभागीय प्रतिनिधियों के चुनाव परिणाम 8 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक छात्र कल्याण विभाग के कार्यालय को भेजेंगे।

11 सितंबर को कार्यकारी समिति का चुनाव

चुनाव प्रक्रिया का अगला अहम चरण 11 सितंबर को होगा। इस दिन सुबह 11 बजे प्राणी विज्ञान विभाग के सभागार में कार्यकारी समिति का चुनाव कराया जाएगा।

इस चुनाव में केवल निर्वाचित विभागीय प्रतिनिधि और छात्र संघ के निर्वाचित पदाधिकारी ही हिस्सा ले सकेंगे।

छात्र संगठनों की बढ़ी सक्रियता

अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद छात्र संगठनों का चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है। नामांकन के बाद स्टूडेंट सेंटर पर हुए शक्ति प्रदर्शन ने भी कैंपस में चुनावी माहौल गर्म कर दिया है। अब सभी की नजरें अंतिम सूची और 31 अगस्त के मतदान पर टिकी हैं।

Translate »
error: Content is protected !!