पंचकूला। राजवीर दीक्षित
(Crores worth of assets, including gold and silver, recovered from the home of a corrupt officer!) 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए CGST सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के घर से CBI को करोड़ों की संपत्ति मिली है। छापेमारी के दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और सोने की ईंटें बरामद की गई हैं। इसके अलावा विदेशी मुद्रा, बैंक खातों, निवेश और कथित बेनामी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
CBI ने 20 नवंबर को आरोपी अधिकारी के घर छापेमारी की थी। एजेंसी ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बरामदगी की जानकारी दी। जांच के दौरान 24.29 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा और 15.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा मिली। वहीं, बरामद सोने-चांदी की कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपये आंकी गई है।
GST कार्रवाई में राहत के बदले मांगी थी रिश्वत
CBI के मुताबिक, एक निजी फर्म के खिलाफ GST से जुड़ी कार्रवाई चल रही थी। फर्म के एक पार्टनर ने सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने फर्म को GST कार्रवाई में राहत दिलाने, भारी जुर्माना नहीं लगाने और आगे कोई डिमांड नोटिस जारी नहीं करने के बदले 50 लाख रुपये मांगे थे।
50 लाख से शुरू हुई मांग, 25 लाख पर पहुंची
शिकायत मिलने के बाद CBI ने 19 नवंबर को मामला दर्ज कर आरोपों का सत्यापन किया। इस दौरान सामने आया कि आरोपी ने पहले 50 लाख रुपये की मांग घटाकर 20 लाख कर दी थी, लेकिन बाद में इसे फिर बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया। वह पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये लेने को तैयार हो गया था।
10 लाख लेते ही CBI ने दबोचा
CBI ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाया। शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये लेते ही टीम ने सुपरिंटेंडेंट को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई। इसके बाद आरोपी से पूछताछ शुरू की गई।
छह बैंक खातों और संपत्तियों के दस्तावेज जब्त
20 नवंबर को घर पर हुई छापेमारी में नकदी और कीमती धातुओं के अलावा छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसियों और कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले। आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर पंजीकृत वाहनों का रिकॉर्ड तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
CBI अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। एजेंसी आरोपी और उसके परिवार की संपत्तियों, निवेश और आय के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।











