फरीदाबाद। राजवीर दीक्षित
(Youth murdered in dispute over ₹500; attacked with a beer bottle) हरियाणा के फरीदाबाद में महज 500 रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में एक युवक ने अपने साथी के सिर पर बीयर की बोतल फोड़ दी। इसके बाद टूटी बोतल के कांच से उसके गले और पेट पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी सागर (26) के रूप में हुई है। वह आरोपी वीरेंद्र उर्फ कालू के साथ चेन-कुप्पी का काम करता था। कालू ठेकेदार है और सागर उसके यहां मजदूरी करता था। मामले में NIT थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन के पास बैठकर पी रहे थे शराब
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे सागर और वीरेंद्र उर्फ कालू रेलवे स्टेशन के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि सागर ने कालू से अपने 500 रुपये मांगे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
बीयर की बोतल से सिर पर वार
आरोप है कि झगड़े के दौरान कालू ने बीयर की बोतल सागर के सिर पर मारकर फोड़ दी। इसके बाद टूटी बोतल के कांच से उसके गले और पेट पर वार किए गए।
गंभीर रूप से घायल सागर को परिजन उपचार के लिए ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गले में कांच लगने से नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा था।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
NIT थाना प्रभारी महाबीर ने बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















