Home Himachal Pradesh CM सुक्खू का स्पेशल चाइल्ड्स को बड़ा तोहफा, ‘मोबाइल रिसोर्स सेंटर’ वाहनों...

CM सुक्खू का स्पेशल चाइल्ड्स को बड़ा तोहफा, ‘मोबाइल रिसोर्स सेंटर’ वाहनों को दिखाई हरी झंडी

हिमाचल । राजवीर दीक्षित

(CM Sukhu’s major gift for special-needs children; flags off ‘Mobile Resource Center’ vehicles)हिमाचल सरकार ने खास ज़रूरतों वाले बच्चों के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को ‘थेरेपी ऑन व्हील्स’ पहल के तहत तीन मोबाइल रिसोर्स सेंटर गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई, जिससे बच्चों तक जरूरी सहायता और सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य हिमाचल के कठिन भौगोलिक क्षेत्रों और विशेष सेवाओं तक सीमित पहुँच से उत्पन्न चुनौतियों का समाधान करना है।
इन मोबाइल सेंटरों के जरिए बच्चों को एक ही जगह कई तरह की सेवाएँ उपलब्ध होंगी। फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, स्पीच और लैंग्वेज थेरेपी के साथ स्पेशल एजुकेशन, स्क्रीनिंग और असेसमेंट की सुविधा मिलेगी। जरूरत के मुताबिक थेरेपी, रिहैबिलिटेशन और काउंसलिंग भी होगी। इतना ही नहीं, बच्चों की कार्यक्षमता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए ट्रेनिंग के साथ फॉलो-अप और रेफरल सेवाएँ भी उपलब्ध रहेंगी।
मोबाइल रिसोर्स सेंटर की शुरुआत पहले चरण में मंडी, शिमला और कांगड़ा से की जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे इस सुविधा को प्रदेश के सभी जिलों तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में विशेष जरूरतों की जल्द पहचान कर समय पर स्क्रीनिंग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही बच्चों की जरूरतों का आकलन, अभिभावकों की काउंसलिंग और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। शिक्षकों और स्पेशल एजुकेटर्स को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे बच्चों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
इस पहल के माध्यम से खास जरूरतों वाले बच्चों की शैक्षणिक भागीदारी और समग्र विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। इसमें बच्चों के संचार कौशल, कार्यात्मक क्षमता, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक सहभागिता को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान रहेगा। माता-पिता और शिक्षकों की क्षमता को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि बच्चों को घर और विद्यालय दोनों स्तरों पर निरंतर सहयोग मिल सके। इससे राज्य में समावेशी शिक्षा के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद है।

Translate »
error: Content is protected !!