पूर्व डिप्टी CM की कोठी के बाहर कूड़ा गाड़ियों को रोकने पर हंगामा; ड्राइवर से भी मारपीट, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
हिसार। राजवीर दीक्षित
(Clash between sanitation workers and police; woman kicked) शहर में कचरा उठान को लेकर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच मंगलवार को एक बार फिर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव हो गया। पूर्व डिप्टी सीएम की कोठी के सामने नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों को पुलिस सुरक्षा में ले जाया जा रहा था। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने गाड़ियों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई।
मामले के दौरान महिला सफाई कर्मचारी के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर लात मारने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी के लात मारने के बाद महिला लड़खड़ाती हुई नजर आती है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने कूड़ा उठाने वाले वाहन के ड्राइवर को भी गाड़ी से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की।
7 पुलिसकर्मी घायल, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
झड़प के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा और कई लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक टकराव में 7 पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं।
27 दिन से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल
हिसार में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पिछले 27 दिनों से जारी है। इस दौरान कचरा उठाने को लेकर प्रशासन और कर्मचारियों के बीच कई बार टकराव हो चुका है। इससे पहले ऑटो मार्केट स्टैंड पर भी कचरा गाड़ियों को निकालने के दौरान विवाद हुआ था। उस समय महिला कर्मचारी गाड़ियों के आगे सड़क पर लेट गई थीं और कुछ प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों की चाबियां भी छीन ली थीं।
पुलिस ने उस मामले में 7 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।
प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
लगातार हो रहे विरोध और टकराव के बीच नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को बहाल रखने के लिए सख्ती के संकेत दिए हैं। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा है कि कचरा उठाने वाली गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने या निगम कर्मचारियों के काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बल को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है। वहीं नगर निगम कमिश्नर सी. जया श्रद्धा ने कहा कि शहर को साफ रखना और लोगों को बीमारियों से बचाना निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने सफाई अभियान में बाधा डालने को गलत बताया।
AMC के घर पर कूड़ा फेंकने का मामला भी दर्ज
इस बीच कुछ दिन पहले अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त (AMC) डॉ. प्रदीप हुड्डा के सरकारी आवास पर रात के समय कूड़े की पॉलिथीन फेंकने का मामला भी सामने आया था। घटना के वीडियो में चार नकाबपोश बाइक सवार नजर आए थे।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
फिलहाल हिसार में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन और कर्मचारियों के बीच तनाव बरकरार है। आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई और सफाई कर्मचारियों के रुख पर सभी की नजर रहेगी।

















