शिमला। राजवीर दीक्षित
(Attendance will now be taken three times a day in 150 CBSE schools) हिमाचल प्रदेश के CBSE स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर सरकार ने नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। प्रदेश के करीब 150 CBSE स्कूलों में अब दिन में तीन बार अटेंडेंस दर्ज की जाएगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को विधानसभा सत्र के बाद शिक्षा विभाग के साथ हुई बैठक में इस व्यवस्था को लागू करने के निर्देश दिए। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से भी संबंधित आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सुबह, लंच और छुट्टी के समय लगेगी हाजिरी
नई व्यवस्था के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति सुबह स्कूल पहुंचने के समय, लंच ब्रेक के दौरान और छुट्टी के समय दर्ज की जाएगी। सरकार का उद्देश्य स्कूलों में स्टाफ और विद्यार्थियों की नियमित मौजूदगी पर नजर रखना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के CBSE स्कूलों में करीब 1,200 शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। आने वाले समय में शिक्षकों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। सरकार का फोकस खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को घर के नजदीक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर है।
1 अक्टूबर से टीचरों के लिए ड्रेस कोड
शिक्षकों के लिए 1 अक्टूबर से ड्रेस कोड अनिवार्य करने की तैयारी है। शिक्षकों को वर्दी खरीदने के लिए सरकार की ओर से 5 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
इस कदम का उद्देश्य स्कूलों में शिक्षकों के लिए एक समान और व्यवस्थित ड्रेस व्यवस्था लागू करना बताया जा रहा है।
CBSE स्कूलों के लिए 80 करोड़ का अतिरिक्त बजट
सरकार ने प्रदेश के CBSE स्कूलों में सुविधाओं और व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए 80 करोड़ रुपये अतिरिक्त उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि इन स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं में लगातार सुधार किया जाए और सरकार की ओर से तय व्यवस्थाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।
बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, महाधिवक्ता अनूप रतन, शिक्षा सचिव राकेश कंवर समेत शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के CBSE स्कूलों की व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

















