Home Education IIIT के 206 छात्रों को मिली डिग्री, राज्यपाल बोले- नई यात्रा की...

IIIT के 206 छात्रों को मिली डिग्री, राज्यपाल बोले- नई यात्रा की शुरुआत

ऊना। देव शर्मा 

(206 IIIT students receive degrees; Governor calls it the start of a new journey) इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) ऊना का 8वां दीक्षांत समारोह गुरुवार को आयोजित किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। हमीरपुर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने कुल 206 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। इनमें 189 बीटेक और 17 एमटेक छात्र शामिल रहे। राज्यपाल ने डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी।

‘डिग्री मंजिल नहीं, यात्रा की नींव’

राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों और अवसरों से भरी यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी तकनीकी शिक्षा का इस्तेमाल समाज और देश की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि AI, IoT, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे समय में तकनीक का उद्देश्य नए समाधान तैयार करने के साथ लोगों की वास्तविक जरूरतों को पूरा करना होना चाहिए।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से हिमाचल की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तकनीकी समाधान विकसित करने की अपील की। उन्होंने आपदा प्रबंधन, कृषि, जल संरक्षण और ग्रामीण उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया।

उन्होंने छात्रों से कहा कि उनकी डिग्री मंजिल नहीं बल्कि आगे की यात्रा की नींव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने साथ माता-पिता का भरोसा, शिक्षकों की उम्मीदें और देश की आकांक्षाएं लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

अनुराग ठाकुर बोले- देश का भविष्य हैं युवा

अनुराग ठाकुर ने डिग्री हासिल करने वाले छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि युवा भारत का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह के बाद छात्रों के सामने सीखने, इनोवेशन और उद्यमिता की एक नई यात्रा शुरू होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से चुनौतियों का हिम्मत और लगन के साथ सामना करने, लगातार बेहतर बनने और समाज की सेवा करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

‘नौकरी लेने वाले नहीं, देने वाले बनें’

राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार ने छात्रों से केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और तकनीकी ज्ञान के जरिए रोजगार देने वाले उद्यमी भी बनें।

उन्होंने कृषि, आपदा प्रबंधन और अंतरिक्ष तकनीक जैसे क्षेत्रों में इनोवेशन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

IIIT ऊना की उपलब्धियों पर रखी रिपोर्ट

संस्थान के निदेशक प्रो. मनीष गौड़ ने IIIT ऊना की शैक्षणिक और तकनीकी उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने संस्थान में हो रहे शोध, नवाचार और प्लेसमेंट से जुड़ी गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।

समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक, शिक्षक और संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह के दौरान डिग्री हासिल करने वाले छात्रों के चेहरे पर उपलब्धि और भविष्य को लेकर उत्साह साफ नजर आया।

Translate »
error: Content is protected !!