पंचकूला। राजवीर दीक्षित
(16-year-old boy drowns while bathing in river; dies) पंचकूला के पिंजौर क्षेत्र के गांव बुर्ज कोटिया में घग्गर नदी के पास नहाते समय 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिकेत निवासी कुराली, मोहाली के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए यहां आया था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-6 पंचकूला स्थित अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया है।
5-6 दोस्तों के साथ आया था घूमने
पुलिस के अनुसार पंजाब के मोहाली और कुराली क्षेत्र से करीब 5-6 युवक बुर्ज कोटिया स्थित घग्गर नदी के पास घूमने आए थे। इसी दौरान सभी झरने के पास पहुंचे।
बताया जा रहा है कि अनिकेत झरने के पानी में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
सूचना मिलने के बाद ERV-526 की टीम मौके पर पहुंची। अमरावती चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घग्गर क्षेत्र में पहले भी हो चुके हैं हादसे
बुर्ज कोटिया के इस इलाके में पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को सावधान करने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग नदी और झरने के आसपास पहुंचते हैं और नहाने का जोखिम उठाते हैं।
पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जाती रही है कि नदी और झरने के गहरे पानी में जाने से बचें, खासकर बारिश के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतें।



















