चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिनों तक चलने वाले कार्य के चलते 54 ट्रेन यात्राओं को शॉर्ट-टर्मिनेट और शॉर्ट-ओरिजिनेट करने का फैसला किया है। यह व्यवस्था गुरुवार से लागू होगी।
इसका मतलब है कि प्रभावित ट्रेनों से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को अंबाला कैंट स्टेशन पर उतरना होगा, जबकि चंडीगढ़ से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को अंबाला कैंट पहुंचकर ट्रेन पकड़नी होगी। यात्रियों को अंबाला और चंडीगढ़ के बीच आगे का सफर वैकल्पिक साधनों से करना होगा।
प्रभावित सेवाओं में रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15063/15068), अजमेर-चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ (12983/12984) और उदयपुर-चंडीगढ़-उदयपुर एक्सप्रेस (20989/20990) शामिल हैं। निर्धारित तारीखों पर इन ट्रेनों का संचालन अंबाला कैंट तक सीमित रहेगा।
ट्रेन संख्या 20989 को अंबाला कैंट पर शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा, जबकि इसकी वापसी यात्रा अंबाला कैंट के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से शुरू होगी।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन चलेगा काम
रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज (FOB) के निर्माण और अपग्रेडेशन से जुड़े कार्य के कारण रेलवे लाइनों को चरणबद्ध तरीके से ब्लॉक किया जाएगा।
10 से 21 सितंबर: लाइन नंबर 6, 7 और 8 बंद रहेंगी।
22 सितंबर से 3 अक्टूबर: लाइन नंबर 4 और 5 पर काम होगा।
4 से 15 अक्टूबर: लाइन नंबर 1, 2 और 3 पर ब्लॉक रहेगा।
10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 36 दिनों का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लगाया जाएगा। इस दौरान फुट ओवरब्रिज के बचे हुए गर्डर लगाए जाएंगे और पुराने फुट ओवरब्रिज के गर्डर हटाए जाएंगे।
मोहाली में कई ट्रेनों के अस्थायी ठहराव
यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए रेलवे ने मोहाली स्टेशन पर कई ट्रेनों के अतिरिक्त अस्थायी ठहराव की भी घोषणा की है। इनमें संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309/18101), आगरा कैंट-होशियारपुर (11905/11906), सहरसा-अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस (15531/15532) और देहरादून-अमृतसर एक्सप्रेस (14631/14632) शामिल हैं।
इसके अलावा लालकुआं-अमृतसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (14615/14616) की दो सेवाओं को निर्धारित तारीखों पर चंडीगढ़ के बजाय अंबाला-सिरहिंद-सानेहवाल मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
20, 17 और 39 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदलेंगे
रेलवे ने यात्रियों को प्लेटफॉर्म संबंधी बदलावों के लिए भी सतर्क किया है। पहले चरण में 20, दूसरे चरण में 17 और तीसरे चरण में 39 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म या बर्थिंग में बदलाव किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले NTES, रेलवे स्टेशन की घोषणाओं और 139 हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेन की स्थिति, ठहराव, समय और प्लेटफॉर्म की नवीनतम जानकारी जरूर जांच लें।
















