चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Scope of Lado-Lakshmi Scheme expanded; women with an income of ₹1.80 lakh are now also eligible) हरियाणा सरकार ने लाडो-लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि अब ₹1.80 लाख तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं भी योजना का लाभ उठा सकेंगी। पात्र महिलाएं 17 सितंबर से ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगी।
सरकार के इस फैसले के बाद योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़कर करीब 27 लाख होने की उम्मीद है। पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने ₹2,100 की राशि दी जाएगी। फिलहाल करीब 9.98 लाख महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं।
तीसरी बार बदली आय सीमा
लाडो-लक्ष्मी योजना की शुरुआत पिछले साल 25 सितंबर को हुई थी। शुरुआत में योजना के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा ₹1 लाख रखी गई थी। बाद में इसे बढ़ाकर ₹1.40 लाख किया गया और अब सरकार ने इसे ₹1.80 लाख कर दिया है।
यानी योजना शुरू होने के बाद एक साल के भीतर पात्रता की आय सीमा में तीसरी बार बदलाव किया गया है।
17 सितंबर से ऐप पर शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
पात्र महिलाएं प्ले स्टोर से लाडो-लक्ष्मी योजना का ऐप डाउनलोड कर आवेदन कर सकेंगी। ऐप में सबसे पहले पात्रता जांचने का विकल्प मिलेगा। इसमें हरियाणा निवासी होने की जानकारी के साथ जेंडर, वैवाहिक स्थिति, जन्मतिथि, रोजगार और परिवार की वार्षिक आय जैसी जानकारी देनी होगी।
आवेदन के दौरान हरियाणा निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, सक्रिय मोबाइल नंबर, परिवार के सदस्यों के आधार नंबर और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सहित अन्य विवरण मांगे जाएंगे।
6 चरणों में पूरा होगा आवेदन
ऐप के जरिए आवेदन प्रक्रिया को छह चरणों में पूरा किया जाएगा। इनमें—
- महिला आवेदक का विवरण
- आवास से संबंधित जानकारी
- परिवार के सदस्यों का विवरण
- आय की जानकारी
- बैंक खाते का विवरण
- लाइव फोटो
शामिल हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को समर्पित होगा।
सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा अध्याय बताया।
हरियाणा को 7 लाख करोड़ से ज्यादा मिलने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में हरियाणा को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री के हरियाणा से जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री राज्य का 18 बार दौरा कर चुके हैं।
उन्होंने हाइड्रोजन रेल, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘लाडली सखी’ जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।



















