देहरादून। राजवीर दीक्षित
(Liquor party at anti-drug cricket league; video goes viral!) ‘नशा मुक्त हरियाणा और खेलों को बढ़ावा’ देने की थीम पर आयोजित आर्टिस्ट चैंपियन लीग (ACL) के दौरान शराब पार्टी का कथित वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में हरियाणवी कलाकार योगेश उर्फ योगी दहिया को कोहनी से शराब की बोतल खोलते हुए देखा जा सकता है। उनके आसपास कुछ अन्य कलाकार भी नजर आ रहे हैं।
वीडियो में पीछे से एक शख्स कलाकार के अंदाज पर टिप्पणी करते हुए सुनाई देता है। इसके बाद वहां मौजूद लोग बोतल के साथ जश्न मनाते नजर आते हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लीग के आयोजन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
कलाकार ने दी सफाई
वीडियो सामने आने के बाद योगी दहिया ने सफाई देते हुए इसे सेलिब्रेशन का वीडियो बताया। उनका कहना है कि किसी ने इस वीडियो को वायरल कर दिया।
वहीं, लीग के सोशल मीडिया अकाउंट से मामले को लेकर माफीनामे का पोस्टर भी जारी किया गया है।
नशा मुक्ति थीम पर आयोजित हो रही लीग
आयोजक साहिल सेहरडा के मुताबिक, 9 सितंबर को देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ओपनिंग सेरेमनी हुई थी। इसके बाद 10 सितंबर से लीग के मुकाबले शुरू हुए।
लीग का आयोजन 9 से 13 सितंबर तक किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य हरियाणा में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को खेलों से जोड़ना है।
90 कलाकार, 6 टीमों में मुकाबला
आर्टिस्ट चैंपियन लीग में हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े करीब 90 कलाकार क्रिकेटर के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। सभी कलाकारों को छह टीमों में बांटा गया है और पांच दिनों तक क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
लीग में योगी दहिया, रोमी हुडा, एचडी कुंडू, अमित ढूल, जीत घनघस और आर मान समेत कई कलाकार खेल रहे हैं। ओपनिंग समारोह में प्रांजल दहिया, खासा आला चाहर और केडी देसी रॉक सहित कई कलाकार पहुंचे थे।
हरियाणा के प्रसिद्ध कवियों के नाम पर टीमें
लीग की छह टीमों के नाम हरियाणा के प्रसिद्ध कवियों और कलाकारों के नाम पर रखे गए हैं। इनमें जाट मेहर सिंह लीजेंड, धनपत लीजेंड, बाजे भगत लीजेंड, मांगेराम लीजेंड, लख्मीचंद लीजेंड और जगन्नाथ लीजेंड शामिल हैं।
अब शराब पार्टी के कथित वीडियो के सामने आने के बाद ‘नशा मुक्त हरियाणा’ की थीम पर आयोजित इस खेल आयोजन को लेकर आयोजकों और कलाकारों पर सवाल उठ रहे हैं।



















