Home Political भूंदड़ बोले- BJP से गठबंधन में पंजाब के मुद्दे सुलझेंगे

भूंदड़ बोले- BJP से गठबंधन में पंजाब के मुद्दे सुलझेंगे

अमृतसर। राजवीर दीक्षित 

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भूंदड़ ने शनिवार को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पहले प्रकाश पर्व पर श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका और पंजाब व पंजाबियों की खुशहाली के लिए अरदास की। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रकाश पर्व की बधाई भी दी।

मीडिया से बातचीत में भूंदड़ से अकाली दल और BJP के संभावित गठबंधन को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि गठबंधन होने की स्थिति में पार्टी लंबे समय से उठाए जा रहे पंजाब से जुड़े बड़े मुद्दों के समाधान की उम्मीद रखती है। दोनों पक्षों में सहमति बनने पर बातचीत के जरिए मुद्दे सुलझाने का प्रयास किया जा सकता है।

पार्टी में अनुशासन पर जोर

भूंदड़ ने अकाली दल के नेताओं से सार्वजनिक तौर पर अलग-अलग बयान देने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के पास अपने अधिकार हैं और सभी नेताओं को उनका सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नेता अध्यक्ष के साथ बैठकर अपने सुझाव दे सकते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय का अधिकार अध्यक्ष के पास ही रहना चाहिए। अलग-अलग बयानबाजी से पार्टी की स्थिति कमजोर होती है।

एकजुटता से मजबूत होगा संदेश

भूंदड़ ने कहा कि अकाली दल अगर अनुशासन और एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगा तो इससे विरोधी दलों को भी पार्टी की मजबूती का संदेश जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के सभी नेताओं को अध्यक्ष के अधिकार स्वीकार करने चाहिए और संगठन की मजबूती को प्राथमिकता देनी चाहिए।

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल और BJP के बीच संभावित गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं लगातार जारी हैं।

Translate »
error: Content is protected !!