61 पंचायतों में पहुंचे विधायक विवेक शर्मा, अंतिम व्यक्ति से किया सीधा संवाद
ऊना। राजवीर दीक्षित
(BPL families to get 300 units of free electricity: Vivek Sharma) कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल के दौरान गांव-गांव और हर परिवार से लगातार संवाद बनाए रखना है। इसी उद्देश्य से शुरू किए गए ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने महज एक सप्ताह में कुटलैहड़ की 61 पंचायतों का दौरा कर अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों से सीधा संवाद किया।
शनिवार को ऊना में आयोजित पत्रकारवार्ता में विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार और प्रशासन की योजनाओं को कार्यालयों से बाहर निकालकर सीधे गांव और पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अनेक ऐसे लोग हैं, जो किसी कारणवश विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों या विभागीय कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे लोगों की समस्याओं को उनके घर-द्वार और पंचायत स्तर पर समझना जरूरी है। विधायक ने कहा कि पंचायतों के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखीं। इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
बीपीएल चयन में पारदर्शिता, पात्र परिवार न रहे वंचित
विवेक शर्मा ने कहा कि बीपीएल चयन प्रक्रिया को लेकर कुटलैहड़ क्षेत्र में लोगों के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि बीपीएल चयन के लिए आठ चरणों में सर्वेक्षण किया गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से चर्चा के बाद नौवां चरण भी शुरू किया गया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि बीपीएल चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है और पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करने से पात्र परिवारों को योजनाओं की जानकारी उनके घर के नजदीक उपलब्ध हो सकी है।
हर पंचायत में होगा ‘विधायक संवाद रजिस्टर’
विधायक विवेक शर्मा ने पत्रकारवार्ता में एक नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि अब कुटलैहड़ की हर पंचायत में ‘विधायक संवाद रजिस्टर’ रखा जाएगा। इस रजिस्टर में ग्रामीण अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव दर्ज करवा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के लिए अपनी समस्या लेकर विधायक या अधिकारी के कार्यालय तक पहुंचना संभव नहीं होता। ऐसे में पंचायत में रखा जाने वाला यह रजिस्टर जनता और विधायक के बीच संवाद का स्थायी माध्यम बनेगा। रजिस्टर में दर्ज समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल समस्याएं दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांवों में विकास कार्यों की जरूरतों को समझने और उनकी प्राथमिकता तय करने में भी मदद करेगी। उन्होंने कहा, “कुटलैहड़ की हर पंचायत में विधायक संवाद रजिस्टर होगा, जिसमें जनता अपनी समस्याएं लिखेगी। हमारा संकल्प कुटलैहड़ का समग्र विकास है।”
स्वास्थ्य, पेयजल और जनकल्याण पर सरकार का फोकस
विधायक ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में पिछले 32 वर्षों के दौरान विकास की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही, लेकिन अब क्षेत्र में बदलाव दिखाई देने लगा है। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ पेयजल से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों, पशुपालकों, महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के हित में कई योजनाएं लागू की गई हैं। दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी से पशुपालकों की आय बढ़ाने का प्रयास किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना की बहाली को भी कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
विवेक शर्मा ने कहा कि सरकार की नीतियों और विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के बाद अब ‘विधायक संवाद रजिस्टर’ के माध्यम से पंचायत स्तर पर जनता से निरंतर संपर्क बना रहेगा। उनका लक्ष्य कुटलैहड़ के प्रत्येक गांव की समस्या को सामने लाना, उसका समाधान करवाना और क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।



















