चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(BJP’s de-addiction campaign to begin tomorrow; Nitin Navin to launch it) पंजाब में नशे के खिलाफ बीजेपी 18 सितंबर से ‘नशा मुक्ति पंजाब यात्रा’ शुरू करने जा रही है। यात्रा की शुरुआत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। वहीं समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के शामिल होने की बात कही गई है।
चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान नशे से जूझ रहे करीब 118 लोगों और उनके परिवारों को मंच पर बुलाया गया। इनमें वे परिवार भी शामिल थे, जिन्होंने नशे के कारण अपने किसी करीबी को खोया है।
मंच पर इन परिवारों से जुड़ी खबरों को भी प्रदर्शित किया गया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि पार्टी नशे के खिलाफ राज्य में चार यात्राएं निकालेगी।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य पंजाब को नशे की समस्या से बाहर निकालने के लिए जागरूकता और जनसंपर्क अभियान चलाना है। उन्होंने दावा किया कि यात्रा को राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बनाया गया है और पार्टी का फोकस नशे से प्रभावित परिवारों तक पहुंचना है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान नशे से प्रभावित हर पीड़ित परिवार से मुलाकात की जाएगी। साथ ही पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से सुरक्षा को लेकर बातचीत की गई है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, डीजीपी पंजाब ने यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का भरोसा दिया है। अब 18 सितंबर से शुरू होने वाली इस यात्रा के जरिए बीजेपी नशे के मुद्दे पर राज्यभर में जनसंपर्क करेगी।



















